Daadi Ki Shaadi Review: बिना शोर-शराबे के रिश्तों की अहमियत सिखा जाती है फिल्म, कहानी में भरपूर इमोशन्स लेकिन लंबे खिचे कुछ सीन
Daadi Ki Shaadi Movie Review: कपिल शर्मा और नीतू कपूर की फिल्म 'दादी की शादी' ने आज सिनेमाघरों में दस्तक दे दी है। इस फिल्म के देखने से पहले जरूर पढ़ लें इसका रिव्यू।
Daadi Ki Shaadi Movie Review: नीतू कपूर, कपिल शर्मा, आर सरथ कुमार, सादिया खतीब, रिद्धिमा कपूर और योगराज सिंह जैसे सितारों से सजी फिल्म दादी की शादी आज सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। कपिल शर्मा की ये फिल्म एक हल्की-फुल्की फैमिली ड्रामा है जिसमें इमोशन्स और ड्रामा का भरपूर डोज मिलता है।
इस फिल्म के रन टाइम की बात करें तो ये 2 घंटे 35 मिनट की है। इस फिल्म को आशीष आर मोहन ने डायरेक्ट किया है। वहीं आशीष आर. मोहन, बंटी राठौर, साहिल एस शर्मा ने फिल्म की कहानी लिखी है। चलिए जानते हैं आखिर कैसी है फिल्म और इसकी कहानी।
फिल्म की कहानी (Daadi Ki Shaadi Movie Review)
सबसे पहले फिल्म की कहानी की बात करें तो हम और आपके जैसा ही एक नॉर्मल परिवार दिखाया गया है। एक आम परिवार की ही तरह हर कोई एक दूसरे से अलग-अलग विचार रखता है। हालांकि भूचाल तब आ जाता है जब अचानक परिवार को पता चलता है कि दादी दोबारा शादी करना चाहती है। इसके बाद वहीं हर कोई अपना-अपना अलग विचार रखता है। कोई मजाक उड़ाता है तो कोई समर्थन करता है। कहानी में बड़ी ही खूबसूरती के साथ परिवार में नजर आने वाले प्यार, क्लेश और अपनेपन को दिखाया हुआ है। फिल्म रिश्तों की अहमियत के साथ-साथ ये भी सिखा जाती है कि प्यार किसी भी उम्र में किया जा सकता है। जीवनसाथी किसी भी उम्र में मिल सकता है।
फिल्म का निर्दशन (Daadi Ki Shaadi Movie Review)
अब बात करें निर्देशन की तो इस फिल्म में बेहद ही साधारण और सिंपल तरीके से अपनी बात कहने को कोशिश करते हैं जो सीधे दर्शकों के दिलों तक पहुंच जाती है। आपको इस फिल्म को देखते वक्त ना तो ज्यादा दिमाग लगाने की जरूरत होती है। बस सीधे-सीधे दिल से हर एक सीन से जुड़ाव महसूस होता है। डायरेक्टर जो इस फिल्म के साथ करना चाहते थे उसमें पूरी तरह से कामयाब नजर आते हैं। हालांकि फिल्म के दूसरे हिस्से में ऐसा लगता है कि कहानी थोड़ी ज्यादा खिंच गई है। कुछ सीन लंबे भी लगते हैं लेकिन इमोशन्स और कनेक्शन साफ महसूस किया जा सकता है।
फिल्म में कलाकारों का अभिनय (Daadi Ki Shaadi Movie Review)
अगर फिल्म में कलाकारों की एक्टिंग की बात करें तो नीतू कपूर फिल्म की जान हैं। उनका अनुभव साफ तौर पर फिल्म में देखने को मिलता है। अभियन के मामले में भी उन्होंने बेहद ही खूबसूरत तरीके से काम किया है। उनके चेहरे के हाव-भाव, संजीदगी से किए गए सीन्स कहानी को काफी भावुक मोड़ पर ले जाते हैं। वहीं कपिल शर्मा इस फिल्म में न सिर्फ हंसाने का काम करते हैं बल्कि इमोशनल सीन्स में भी खुद की एक्टिंग को निखारने का प्रयास करते हैं और काफी हद तक वो इसमें सफल भी हो जाते हैं।
फिल्म की कमजोरी
फिल्म में ज्यादा कोई थ्रिल और सस्पेंस नहीं है, बस सीधे तौर पर साधारण सी फिल्म है। कई जगहों पर फिल्म थोड़ी लंबी लगती है। ऐसा लगता है कि इसे थोड़ा कम रन टाइम में खत्म किया जा सकता था। कुछ सीन में बोरियत भी महसूस हो सकती है। फिल्म में ऐसा कोई गाना नहीं है जो जुबान पर चढ़ जाए।
देखें या नहीं देखें?
अगर आप अपने पूरे परिवार के साथ एक हल्की-फुल्की कहानी को देखना चाहते हैं और आपको फैमिली से जुड़ी फिल्में पसंद हैं तो आपको ये फिल्म काफी पसंद आने वाली है। एक-एक सीन में आप कनेक्ट कर पाएंगे। हालांकि अगर आपको ड्रामा, थ्रिल और सस्पेंस ज्यादा पसंद है तो फिर इस फिल्म को देखने में आपको ज्यादा मजा नहीं आएगा।
फिल्म को 5 में से 3 स्टार्स
Original Source - Patrika Live News
What's Your Reaction?