संजू सैमसन बाहर, ईशान किशन करेंगे ओपनिंग! T20 वर्ल्डकप 2026 के लिए देखें सबसे मजबूत प्लेइंग 11

न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 टी20 मैचों की सीरीज में संजू सैमसन ने 10 से भी कम की औसत से 46 रन बनाए, जिसकी वजह से उनके टी20 वर्ल्डकप में ओपनिंग करने की संभावनाएं कम हो गई हैं।

संजू सैमसन बाहर, ईशान किशन करेंगे ओपनिंग! T20 वर्ल्डकप 2026 के लिए देखें सबसे मजबूत प्लेइंग 11

Team India Probable Playing 11 for T20 World Cup 2026: भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज खत्म हो चुकी है, जिसमें भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4-1 से सीरीज अपने नाम की। इस सीरीज में भारतीय बल्लेबाजों ने जमकर रन बनाए, लेकिन संजू सैमसन का बल्ला पूरे सीरीज में नहीं चल सका। पांच मैच खेलने के बावजूद वह 50 रन तक भी नहीं पहुंच सके।

ईशान ने वापसी सीरीज में मचाया गदर

दूसरी ओर, सूर्यकुमार यादव, जो इस सीरीज से पहले रनों के लिए तरस रहे थे, उन्होंने जबरदस्त वापसी करते हुए सबसे ज्यादा रन बना डाले। तीन लगातार अर्धशतकों की मदद से सूर्यकुमार यादव ने इस सीरीज में कुल 242 रन बनाए। वहीं करीब दो साल बाद भारतीय टीम में वापसी करने वाले ईशान किशन का बल्ला भी खूब गरजा और उन्होंने 53 की औसत से 215 रन बनाए। इस सीरीज में उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल इतिहास का सबसे तेज शतक भी जड़ा।

अभिषेक शर्मा और शिवम दुबे ने भी बल्ले से अपनी छाप छोड़ी, जबकि रिंकू सिंह ने भी बल्लेबाजी में अपनी तैयारियों की झलक दिखाई। हार्दिक पांड्या को जब भी मौका मिला, उन्होंने भी उपयोगी और तेज रन बनाए। इसके उलट संजू सैमसन ने पांच मैचों की पांच पारियों में बल्लेबाजी करने के बावजूद सिर्फ 46 रन बनाए और उनका औसत 10 से भी कम रहा।

अभिषेक-ईशान कर सकते हैं ओपनिंग

आखिरी टी20 मुकाबले में जब भारतीय टीम फील्डिंग के लिए उतरी, तो ईशान किशन ने विकेटकीपिंग की। इसके बाद से यह कयास लगाए जाने लगे हैं कि आगामी टी20 वर्ल्ड कप में संजू सैमसन पिछली बार की तरह बेंच पर बैठे नजर आ सकते हैं, जबकि ईशान किशन अभिषेक शर्मा के साथ ओपनिंग करते दिख सकते हैं। अगर ऐसा होता है और तिलक वर्मा की वापसी होती है, तो रिंकू सिंह को प्लेइंग इलेवन से बाहर नहीं होना पड़ेगा। ऐसी स्थिति में भारतीय टीम की यह संभावित प्लेइंग इलेवन बेहद मजबूत नजर आती है।

ओपनिंग में अभिषेक शर्मा और ईशान किशन उतरेंगे, तीसरे नंबर पर सूर्यकुमार यादव बल्लेबाजी करेंगे, चौथे नंबर पर तिलक वर्मा और पांचवें नंबर पर हार्दिक पांड्या आएंगे। इसके बाद रिंकू सिंह, शिवम दुबे और अक्षर पटेल बल्लेबाजी के लिए उतरेंगे। गेंदबाजी की जिम्मेदारी वरुण चक्रवर्ती, मोहम्मद सिराज और जसप्रीत बुमराह संभालेंगे। इस तरह टीम इंडिया की टॉप-8 बल्लेबाजी लाइनअप किसी भी टीम के गेंदबाजी आक्रमण को तहस-नहस करने का दम रखती है।

T20 वर्ल्डकप के लिए भारत की संभावित 11

ईशान किशन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह और जसप्रीत बुमराह।

Original Source - Patrika Live News

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow