स्मृति मंधाना और पलाश मुच्छल की जोड़ी प्यारी…फिर हो जाएं साथ, सलमान की एक्ट्रेस का बड़ा बयान, बोलीं- परिवारों के बीच की बात…
Daisy Shah On Palash Muchchal-Smriti Mandhana: बॉलीवुड एक्ट्रेस डेजी शाह ने हाल ही में भारतीय क्रिकेटर स्मृति मंधाना और पलाश मुच्छल के रिश्ते को लेकर बात की है। क्या है पूरा मामला, चलिए जानते हैं।
Daisy Shah On Palash Muchchal-Smriti Mandhana: बॉलीवुड अभिनेत्री डेजी शाह ने हाल ही में म्यूजिक कंपोजर और डायरेक्टर पलाश मुच्छल और भारतीय महिला क्रिकेट स्टार स्मृति मंधाना के रिश्ते को लेकर चल रही चर्चाओं पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। शादी टूटने की खबरों के बीच डेजी शाह ने कहा कि बिना पूरी सच्चाई जाने किसी को जज करना सही नहीं है।
‘दोनों की प्यारी जोड़ी हैं’ (Daisy Shah On Palash Muchchal-Smriti Mandhana)
‘मिस मालिनी’ के साथ इंटरव्यू के दौरान डेजी शाह ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि पलाश मुच्छल और स्मृति मंधाना के बीच सब कुछ ठीक हो जाएगा और दोनों फिर से साथ आ सकते हैं। उन्होंने दोनों को एक खूबसूरत जोड़ी बताते हुए कहा कि बाहर से देखने वालों को पूरी सच्चाई कभी नहीं पता होती।
डेजी का मानना है कि रिश्तों में क्या हुआ, ये सिर्फ उन दो लोगों और उनके परिवारों के बीच की बात होती है, इसलिए बाहरी लोगों को जल्दबाजी में राय नहीं बनानी चाहिए।
फिल्म के ऑफर पर हुआ था कन्फ्यूजन
डेजी ने यह भी खुलासा किया कि पलाश मुच्छल अपनी आने वाली फिल्म के लिए उन्हें कास्ट करना चाहते थे, लेकिन सीधे संपर्क करने से हिचक रहे थे।
उन्होंने बताया कि उन्हें कुछ अनजान लोगों के जरिए इस प्रोजेक्ट का ऑफर मिला, जो उन्हें थोड़ा अजीब लगा। क्योंकि उनकी पलाश की बहन पलक से अच्छी दोस्ती है, इसलिए उन्होंने खुद पलाश से संपर्क कर इस बारे में पुष्टि की। इसके बाद पलाश ने बताया कि मौजूदा परिस्थितियों के कारण वे किसी से सीधे बात करने से बच रहे थे, ताकि बात का गलत मतलब न निकाला जाए।
प्रोफेशनल और पर्सनल लाइफ अलग (Daisy Shah On Palash Muchchal-Smriti Mandhana)
डेजी शाह ने साफ कहा कि वो अपने काम को किसी की निजी जिंदगी से अलग रखती हैं। उनके अनुसार, किसी व्यक्ति के पर्सनल मामलों के आधार पर उसके प्रोफेशनल काम को आंकना सही नहीं है। उन्होंने कहा कि हर कहानी के दो पहलू होते हैं और मीडिया में जो दिखता है, वही पूरी सच्चाई नहीं होती। इसलिए बिना पूरी जानकारी के किसी के बारे में निष्कर्ष निकालना गलत है।
शादी टूटने के बाद बढ़ी चर्चाएं
बता दें कि पलाश और स्मृति मंधाना की शादी की खबरें पहले काफी सुर्खियों में थीं। दोनों की शादी तय हो चुकी थी, लेकिन अचानक परिस्थितियों के चलते यह समारोह टल गया। इसके बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की अफवाहें फैलने लगीं, जिनमें रिश्ते में दरार और धोखे जैसी बातें भी शामिल थीं। हालांकि इन खबरों की आधिकारिक पुष्टि कभी नहीं हुई।
सोशल मीडिया पर भी दिखा असर
शादी की खबरों के बाद दोनों ने एक-दूसरे को सोशल मीडिया पर अनफॉलो कर दिया, जिससे अफवाहों को और हवा मिल गई। पलाश ने बाद में एक पोस्ट शेयर कर कहा कि वो अपनी जिंदगी में आगे बढ़ने का फैसला कर चुके हैं और लोगों से अपील की कि बिना सच्चाई जाने किसी के बारे में गलत धारणा न बनाएं।
Original Source - Patrika Live News
What's Your Reaction?