साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए केएल राहुल होंगे टीम के कप्तान? लौट सकते हैं ये खिलाड़ी
IND vs SA ODI Series 2025: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच कोलकाता में खेले गए सीरीज के पहले टेस्ट में टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल चोटिल हो गए थे। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि वनडे सीरीज में टीम की कमान कौन संभालेगा।
Team India ODI Captain: भारतीय टीम के वनडे कप्तान शुभमन गिल (Shubman Gill) साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज (IND vs SA Test Series 2025) के पहले मैच में चोटिल हो गए थे और उपकप्तान श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer) को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आखिरी वनडे में मैदान से सीधे अस्पताल पहुंचना पड़ा था। दोनों खिलाड़ी साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में नहीं खेल पाएंगे। ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले कप्तानी में बदलाव करते हुए टीम मैनेजमेंट ने शुभमन गिल को कप्तान और श्रेयस अय्यर को उपकप्तान बनाया गया था। हालांकि एक सीरीज के बाद ही मैनेजमेंट को नए कप्तान की तलाश करनी पड़ रही है।
शुभमन-श्रेयस वनडे सीरीज से बाहर!
कप्तानी की तलाश सिर्फ एक या दो सीरीज के लिए ही है। ऐसे में सवाल यह है कि साउथ अफ्रीका के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का कप्तान कौन होगा। रविवार (23 नवंबर) को भारतीय टीम चुनी जाएगी। नियमित कप्तान शुभमन गिल गर्दन की चोट से उबर रहे हैं और 30 नवंबर से शुरू होने वाली 3 मैचों की वनडे सीरीज में नहीं खेल पाएंगे। वह अभी अपनी चोट की जांच के लिए मुंबई में हैं। दूसरी ओर हाल ही में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर लगी चोट और उसके बाद हुई सर्जरी के कारण श्रेयस अय्यर के भी बाहर होने से चयनकर्ताओं को ऐसी स्थिति का सामना करना पड़ रहा है, जहां उन्हें एक नए लीडर की तलाश करनी पड़ रही है।
ऐसे में अगली कुछ वनडे सीरीज के लिए केएल राहुल को कमान सौंपी जा सकती है, जिन्होंने 2022–23 के बीच इस फॉर्मेट में 12 बार भारत की कप्तानी की है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट में ऋषभ पंत टीम की कप्तानी कर रहे हैं, लेकिन वनडे टीम में उनकी जगह बनना मुश्किल लग रहा है। पंत ने एक साल से ज़्यादा समय से कोई वनडे मैच नहीं खेला है और इस साल की शुरुआत में भारत की चैंपियंस ट्रॉफी टीम में भी उन्हें मौका नहीं मिला था।
वनडे टीम में सीनियर खिलाड़ी रोहित शर्मा और विराट कोहली के साथ अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा और प्रसिद्ध कृष्णा की वापसी की संभावना है। गुवाहाटी में चल रहे टेस्ट के दूसरे दिन का खेल खत्म होने के बाद वनडे और टी20 सीरीज के लिए टीम का ऐलान हो सकता है। बता दें कि वनडे सीरीज के बाद भारतीय टीम को 5 टी20 मैचों की सीरीज भी खेलनी है। टी20 सीरीज में ज्यादा बदलाव की गुंजाइश नजर नहीं आ रही है। शुभमन गिल की जगह यशस्वी जायसवाल की टीम में वापसी हो सकती है।
Original Source - Patrika Live News
What's Your Reaction?