भदोही पुलिस ने 22 किलो गांजे के साथ तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार, 25 और 50 हजार के इनामी हैं आरोपी
Ganja Smuggling Arrest : भदोही पुलिस ने अंतर्जनपदीय गांजा तस्कर गिरोह के 3 शातिर सदस्यों को 22 किलो गांजे के साथ गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों में 50 हजार और 25 हजार के इनामी बदमाश शामिल हैं।
लखनऊ : यूपी के भदोही जनपद में अपराध और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भदोही पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। भदोही पुलिस की टीम ने सटीक सूचना और सक्रिय रणनीति के बल पर अंतर्जनपदीय गांजा तस्कर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए अभियुक्तों में दो इनामी बदमाश भी शामिल हैं, जिन पर 50,000 रुपए और 25,000 रुपए का इनाम घोषित था।
भदोही पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई शनिवार को अंजाम दी गई। सूत्र से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने फत्तूपुर पावर हाउस के पास घेराबंदी की और मौके से तीनों आरोपियों को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक बोरी में कुल 22 किलो 360 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा 1900 रुपए नकद और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी पुलिस ने जब्त की, जो जांच में चोरी की निकली।
25 और 50 हजार के इनामी हैं आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजू उर्फ शहजादे, सोनू (₹25 हजार इनामी) और कल्लू उर्फ अनवर (₹50 हजार इनामी) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे वाराणसी के कपसेठी क्षेत्र से कम कीमत पर गांजा खरीदकर भदोही सहित आसपास के इलाकों में ऊंचे दामों पर बेचते थे और मुनाफे को आपस में बांट लेते थे। पुलिस के अनुसार, कल्लू उर्फ अनवर का आपराधिक इतिहास बेहद गंभीर है। उसके खिलाफ हत्या, लूट, डकैती और मादक पदार्थ तस्करी जैसे करीब 69 मुकदमे विभिन्न जनपदों में दर्ज हैं। अन्य दो अभियुक्त भी कई आपराधिक मामलों में वांछित रहे हैं।
तीनों आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया गया मुकदमा
इस मामले में थाना भदोही में एनडीपीएस एक्ट व एमवी एक्ट के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है और तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने बताया कि जनपद में अपराध और नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई से न सिर्फ एक सक्रिय गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है, बल्कि अपराधियों में पुलिस का खौफ भी साफ देखा जा रहा है। जिले में इस सफलता को कानून-व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
Original Source - Patrika Live News
What's Your Reaction?