‘अभिषेक के रनों का क्रेडिट न्यूजीलैंड के खराब गेंदबाजों को…’ भविष्यवाणी फेल होने पर ये क्या बोल गए मोहम्मद आमिर!
Mohammad Amir on India Victory: T20 वर्ल्ड कप फाइनल में टीम इंडिया की ऐतिहासिक जीत के बाद मोहम्मद आमिर ने अपनी चुप्पी तोड़ी है। अभिषेक शर्मा की तूफानी फिफ्टी और भारत की बादशाहत पर आमिर ने जहां प्रशंसा की, वहीं न्यूजीलैंड की गेंदबाजी को चीप बताकर अपनी खीझ भी निकाली। जानिए पाकिस्तानी टीवी शो पर आमिर ने और क्या-क्या खुलासे किए...
Mohammad Amir reacts on India win: भारतीय टीम की जीत के बाद अब उन लोगों के सुर भी बदल गए हैं जो कल तक टीम इंडिया की बुराई कर रहे थे। पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर, जो पूरे वर्ल्ड कप में भारत की हार की भविष्यवाणी कर रहे थे, अब भारत की तारीफ करने को मजबूर हो गए हैं। हालांकि, उनकी तारीफ में भी थोड़ा सा तंज और खीझ साफ नजर आ रही है।
‘सिर्फ गेंदबाज ही नहीं, बल्लेबाज भी जिताते हैं’
अहमदाबाद में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से रौंदकर खिताब क्या जीता, आमिर के होश उड़ गए। उन्होंने कहा, ‘आज मैं इंडियन टीम को क्रेडिट जरूर दूंगा क्योंकि उन्होंने इस मिथ को तोड़ दिया है कि केवल तेज गेंदबाज ही टूर्नामेंट जिताते हैं। भाई, बैट्समैन भी जिताते हैं और इंडिया ने यह साबित कर दिया।’ आमिर का मानना है कि सेमीफाइनल और फाइनल जैसे बड़े मैचों में 250 से ज्यादा रन बनाना भारत की असली ताकत है।
‘पाकिस्तानी होने के नाते बुरा लग रहा है’
पाकिस्तानी टीवी शो ‘हसना मना है’ में आमिर ने बड़ी ईमानदारी (और बेबसी) से स्वीकार किया, ‘एक पाकिस्तानी होने के नाते अंदर से बेशक हमें अच्छा नहीं लग रहा होता है, लेकिन झूठ तो नहीं बोलना… वे अच्छी क्रिकेट खेल रहे हैं।’ उन्होंने कहा कि भारत के पास खिलाड़ियों का इतना बैकअप है कि एक के ऊपर एक टैलेंट बैठा है।
अभिषेक शर्मा को लेकर पलटे आमिर
बता दें कि आमिर ने पूरे टूर्नामेंट में अभिषेक शर्मा को टारगेट किया था और उन्हें ‘लप्पेबाज’ तक कह दिया था। लेकिन फाइनल में जब अभिषेक ने 18 गेंदों में अर्धशतक जड़कर मुंहतोड़ जवाब दिया, तो आमिर ने नया बहाना ढूंढ लिया। एंकर ने जब पूछा कि आपकी आलोचना का असर था कि अभिषेक ने रन बना दिए, तो आमिर बोले, ‘अभिषेक शर्मा की ताबड़तोड़ फिफ्टी का क्रेडिट न्यूजीलैंड के गेंदबाजों को जाता है।’
न्यूजीलैंड की गेंदबाजी पर निकाला गुस्सा
न्यूजीलैंड की हार पर आमिर ने उनकी जमकर क्लास लगाई। उन्होंने कहा, ‘माशाल्लाह! ऑफ स्टंप से चार-चार बाहर वाइड भी कर रहे थे और वहीं से छक्का खा रहे थे। बहुत लूज और चीप बॉलिंग कराई है।’ आमिर के मुताबिक, न्यूजीलैंड के कप्तान ने गलत समय पर तेज गेंदबाज लाकर अभिषेक शर्मा का काम आसान कर दिया। उन्होंने मजाक उड़ाते हुए कहा कि अभिषेक के अच्छे खेलने का क्रेडिट न्यूजीलैंड के खराब गेंदबाजों को मिलना चाहिए।
आमिर की भविष्यवाणियां हुईं फेल
पूरे वर्ल्ड कप में आमिर ने भविष्यवाणी की थी कि भारत वेस्टइंडीज, जिम्बाब्वे और इंग्लैंड से हार जाएगा, लेकिन टीम इंडिया ने सबको हराकर आमिर की बातों को गलत साबित कर दिया।
Original Source - Patrika Live News
What's Your Reaction?