Westerly Wind: पछुआ हवाओं से यूपी में कड़ाके की ठंड, कई जिलों में पारा 10 डिग्री से नीचे और शीतलहर का अलर्ट
Cold Wave Grip Tightens in UP: उत्तर प्रदेश में पछुआ हवाओं के चलते रातों में ठंड अचानक तेज हो गई है। इटावा, कानपुर और बाराबंकी सहित कई जिलों में तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज हुआ। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों तक शीतलहर जैसी स्थितियां बनी रहेगी और तड़के कोहरा और भी घना हो सकता है।
Westerly Wind Temperature Drop: उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट ले चुका है। पहाड़ी इलाकों में हुई बर्फबारी और उसके बाद लगातार बह रही ठंडी पछुआ हवाओं ने प्रदेश के कई जिलों में रात के तापमान को सामान्य से काफी नीचे धकेल दिया है। सोमवार की रात इटावा, कानपुर, बाराबंकी सहित कई जगहों पर पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया, जिससे रात में शीतलहर जैसी स्थिति देखने को मिली। मौसम विभाग का कहना है कि आगामी तीन दिनों तक यह स्थिति बनी रह सकती है और कई जिलों में रात का तापमान और नीचे जा सकता है।
शीतलहर जैसी हालत प्रदेश के मौसम पर पछुआ हवाओं का तेज असर देखने को मिला है। इटावा में न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री, कानपुर में 9.2 डिग्री और बाराबंकी में 10 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से 3 से 5 डिग्री नीचे है, जो मौसम में अचानक आई ठंड की बढ़ोतरी को स्पष्ट दर्शाता है। पहाड़ी क्षेत्रों में हाल ही में गई बर्फबारी और वहां से बहकर आ रही ठंडी वायु की धाराएं उत्तर प्रदेश के मैदानी इलाकों में पहुंचकर रातें और भी सर्द बना रही हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, पछुआ हवाओं का प्रभाव अगले कुछ दिनों तक और बढ़ने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि “प्रदेश के कई जिलों में रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंच चुका है। सामान्य से 3 से 5 डिग्री की गिरावट शीतलहर जैसे हालात की ओर संकेत करती है। सुबह के समय कोहरा भी घना हो सकता है, जबकि दिन में धूप अच्छी रहने की संभावना है।”

सिंह बताते हैं कि पश्चिमी हिमालय में हुई बर्फबारी का सीधा असर उत्तर भारत के मैदानी क्षेत्रों पर पड़ रहा है। ठंडी हवाओं का असर दिन और रात के तापमान में फर्क दिखा रहा है। दिन में धूप की मौजूदगी से हल्की गर्माहट महसूस होती है, लेकिन देर शाम से लेकर तड़के सुबह तक ठंडी हवाओं के झोंके तापमान को तेजी से नीचे खींच देते हैं।
सोमवार को दिखा कोहरा
राजधानी लखनऊ में भी मौसम में तेजी से बदलाव महसूस किया गया। सोमवार की सुबह हल्के कोहरे से हुई, जबकि दोपहर में धूप की हल्की तपिश ने मौसम को संतुलित रखा। हालांकि रात होते-होते पछुआ हवाओं ने ठंड का असर बढ़ा दिया। लखनऊ में दिन का तापमान 28.5 डिग्री रहा जो सामान्य से 0.4 डिग्री अधिक है, लेकिन रात का पारा एक डिग्री की गिरावट के साथ 12.6 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज हुआ। तापमान में रात के समय आई यह ठंडक राजधानी में ठिठुरन बढ़ा रही है।
तालकटोरा क्षेत्र में हवा खराब
लखनऊ के तालकटोरा क्षेत्र में हवा की गुणवत्ता भी खराब श्रेणी में दर्ज की गई। बढ़ती ठंड, हवा की धीमी रफ्तार और प्रदूषण के मिश्रण से AQI में गिरावट देखी गई। मौसम विभाग का कहना है कि सर्दी बढ़ने के साथ प्रदूषण का स्तर भी प्रभावित होता है क्योंकि हवा का संचलन धीमा हो जाता है और प्रदूषक जमीन के पास जमा होने लगते हैं। यह स्थिति खास तौर पर सुबह और देर शाम के समय अधिक गंभीर रहने की संभावना है।
गेहूं और सब्जियों पर पड़ा रहा प्रभाव
प्रदेश के अन्य जिलों जैसे फर्रुखाबाद, उन्नाव, कन्नौज, हरदोई, गोरखपुर, बहराइच, सिद्धार्थनगर और लखीमपुर खीरी में भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। कई जगहों पर सुबह के समय कोहरा बढ़ रहा है और दृश्यता में कमी आ रही है। किसान क्षेत्र में इसका सीधा असर पड़ा है क्योंकि सुबह की नमी और कोहरा गेहूं तथा सब्जियों की फसलों पर प्रभाव डालता है। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि वे फसलों को वर्तमान मौसम के अनुसार संरक्षित रखें और सिंचाई के समय में सावधानी बरतें।
राते अभी और ठंडी होगी
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र का पूर्वानुमान है कि अगले तीन दिनों तक उत्तर प्रदेश में रातें और ठंडी होंगी। तापमान में और गिरावट आ सकती है तथा पहाड़ों से आ रही हवा की धाराएं मौसम को और भी सर्द बना सकती हैं। हालांकि दिन के समय सूर्य की मौजूदगी से हल्की गर्माहट बनी रहेगी और मौसम में उतार-चढ़ाव का यह दौर फिलहाल जारी रहेगा। विभाग ने लोगों को विशेष रूप से सुबह और रात के समय ठंड से बचाव करने की सलाह दी है।
स्वास्थ्य विभाग की अपील
स्वास्थ्य विभाग ने भी आगाह किया है कि मौसम में तेजी से हो रहे बदलाव का असर रोग प्रतिरोधक क्षमता पर पड़ सकता है। अत्यधिक ठंड और धुंध से सांस की बीमारी, अस्थमा, खांसी-जुकाम जैसी समस्याओं में बढ़ोतरी होती है। वरिष्ठ नागरिक, बच्चे और हृदय रोगी इस मौसम में ज्यादा प्रभावित हो सकते हैं। विभाग ने लोगों से कहा है कि ठंड में बाहर निकलने पर गर्म कपड़े पहनें और सुबह की ठंडी हवा से बचें।
बारिश की कोई संभावना नहीं
मौसम विभाग के अनुसार अभी बारिश की कोई संभावना नहीं है, लेकिन पहाड़ों में हो रही गतिविधियों का असर प्रदेश में पड़ता रहेगा। कुछ जिलों में अगले 48 घंटे के भीतर हल्का और मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है। दिन में मौसम शुष्क रह सकता है लेकिन सुबह-शाम की ठंड लगातार बढ़ेगी।
Original Source - Patrika Live News
What's Your Reaction?