T20 World Cup 2026: ओपनिंग सेरेमनी में बॉलीवुड का ‘धमाका’, नोरा फतेही-बादशाह समेत ये सितारे बिखेरेंगे जलवा

T20 World Cup 2026 Opening Ceremony: टी-20 वर्ल्ड कप सेरेमनी में बॉलीवुड की डांसिंग क्वीन नोरा फतेही और रैपर बादशाह परफॉर्म करते हुए नजर आएंगे।

T20 World Cup 2026: ओपनिंग सेरेमनी में बॉलीवुड का ‘धमाका’, नोरा फतेही-बादशाह समेत ये सितारे बिखेरेंगे जलवा

T20 World Cup 2026 Opening Ceremony: क्रिकेट और मनोरंजन का महामिलन एक बार फिर भारत में देखने को मिलने वाला है। आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 7 फरवरी को मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में एक भव्य और सितारों से सजी ओपनिंग सेरेमनी के साथ होगी। इस खास मौके पर संगीत और डांस का ऐसा संगम देखने को मिलेगा, जो क्रिकेट फैंस के लिए यादगार बन जाएगा।

संगीत से गूंजेगा वानखेड़े स्टेडियम (T20 World Cup 2026 Opening Ceremony)

ओपनिंग सेरेमनी की शुरुआत शाम 6 बजे होगी, जहां मशहूर म्यूजिशियन ऋषभ शर्मा और शिवमणि अपने दमदार म्यूजिकल परफॉर्मेंस से माहौल को ऊर्जा से भर देंगे। उनके सुरों के बीच वानखेड़े का हर कोना जोश और उत्साह से गूंज उठेगा। इसके बाद रैपर बादशाह अपनी हिट बीट्स से दर्शकों को झूमने पर मजबूर करेंगे, वहीं नोरा फतेही का ग्लैमरस डांस परफॉर्मेंस समारोह में चार चांद लगा देगा।

ट्रॉफी की एंट्री होगी सबसे खास

इस ओपनिंग सेरेमनी का सबसे आकर्षक पल तब आएगा, जब आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी की एंट्री होगी। खास बात ये है कि ट्रॉफी को एक जेटपैक परफॉर्मर द्वारा स्टेडियम में लाया जाएगा, जो दर्शकों के लिए किसी फिल्मी सीन से कम नहीं होगा। यह नज़ारा क्रिकेट इतिहास के सबसे अनोखे पलों में शामिल हो सकता है।

रोहित शर्मा की मौजूदगी बढ़ाएगी रौनक

पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा इस समारोह में आईसीसी एंबेसडर के तौर पर शामिल होंगे। उनके साथ आईसीसी चेयरमैन जय शाह और 20 युवा एंबेसडर भी मंच पर मौजूद रहेंगे, जो टूर्नामेंट में भाग लेने वाली सभी टीमों का प्रतिनिधित्व करेंगे। इसी मंच से टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आधिकारिक शुभारंभ किया जाएगा।

सिर्फ टिकट धारकों को मिलेगा प्रवेश

आयोजकों ने साफ किया है कि ओपनिंग सेरेमनी का लुत्फ वही दर्शक उठा पाएंगे, जिनके पास भारत बनाम अमेरिका के पहले मुकाबले का टिकट होगा। फैंस से अपील की गई है कि वे समय से पहले स्टेडियम पहुंचें, ताकि इस भव्य समारोह का कोई भी हिस्सा मिस न हो।

10वां सीजन, 20 टीमें और 55 मुकाबले

टी20 वर्ल्ड कप 2026 का ये 10वां संस्करण भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा। टूर्नामेंट में कुल 20 टीमें हिस्सा लेंगी, जिन्हें चार ग्रुप में बांटा गया है। लगभग एक महीने तक चलने वाले इस महाकुंभ में 55 मुकाबले खेले जाएंगे, जिनका मकसद सिर्फ एक होगा- चैंपियन बनना।

भारत बनाम यूएसए से होगी शुरुआत

ओपनिंग सेरेमनी के तुरंत बाद भारत और अमेरिका के बीच टूर्नामेंट का पहला मुकाबला खेला जाएगा। घरेलू मैदान पर भारतीय टीम से शानदार शुरुआत की उम्मीद की जा रही है, वहीं अमेरिकी टीम भी खुद को साबित करने उतरेगी। कुल मिलाकर, टी20 वर्ल्ड कप 2026 की यह ओपनिंग सेरेमनी क्रिकेट के साथ-साथ एंटरटेनमेंट का भी महोत्सव बनने जा रही है।

Original Source - Patrika Live News

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow